ग्रामीणों से पूछताछ करते कार्यवाहक थानाध्यक्ष राधेश्याम।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। बहन के घर से आलू खरीदने आए मजदूर का शव गांव के बाहर मिलने से हड़कंप मच गया। 11 हजार रुपये और मोबाइल गायब था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अहिरुआ राजारामपुर निवासी शिव कुमार (55) का शव गुरुवार को गांव के बाहर मजार के पास मिला। सुबह खेतों की तरफ गए मुन्नू कठेरिया ने शव देख परिजनों को सूचना दी। शिव कुमार के शव के पास दो गमछे, तीन खाली पन्नी और बीयर की खाली केन पड़ी थी। कार्यवाहक थानाध्यक्ष राधेश्याम ने छानबीन की। सपा नेता राबिन यादव और अंकुर यादव भी पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि शिव कुमार मजदूरी करते थे। तालग्राम में बहन के घर रह रहे थे।
बुधवार को वहीं से 11 हजार रुपये लेकर आलू खरीदने गांव आए थे। 11 हजार रुपये, मोबाइल और आधार कार्ड गायब है। परिजनों ने शिव कुमार की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में कार्यवाहक थानाध्यक्ष राधेश्याम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता लग सकेगा। तभी आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अविवाहित थे शिव कुमार
शिव कुमार पिछले 20 सालों से बहन सुशीला देवी के साथ तालग्राम में रह रहे थे। कभी-कभी अपने गांव भतीजे कमलेश के पास आते थे। बुधवार को भी गांव आए थे। शिव कुमार के पास जमीन नहीं है। शादी भी नहीं हुई थी।