बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मारकर उसकी बहन से करीब दस लाख रुपये के नगदी-जेवर लूट लिए। यह वारदात रविवार दिनदहाड़े विशुनगढ़ थाना क्षेत्र में ग्राम राजपुर मोड़ के पास हुई। घायल युवक को सीएचसी से जिला अस्पताल रिफर किया गया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर बाइक सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
विशुनगढ़ क्षेत्र के ग्राम धीरपुर निवासी उदयभान सिंह यादव की बेटी शोभा की शादी 31 जनवरी को फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम मोतीनगला निवासी अनिल कुमार के साथ हुई है। होली पर उसका चचेरा भाई अमित उर्फ जानू पुत्र वीरभान सिंह यादव शोभा को विदा कराके बाइक से गांव आ रहा था। रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे ग्राम मटेहना के नजदीक राजपुर मोड़ के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने अमित को रोका।
उसके गाड़ी भगाने पर बदमाशों ने धक्का देकर पीछे बैठी उसकी बहन को गिरा दिया और अमित के पैर में गोली मार दी। इससे वह भी लड़खड़ाकर गिर पड़ा। बदमाशों ने शोभा से चार अंगूठी, जंजीर, हार, मटरमाला, मंगलसूत्र, कुंडल के साथ उसका पर्स लूट लिया। पर्स में दस हजार रुपये, बिछिया व अन्य सामान था। इसके बाद बदमाश बाइक की चाबी निकालकर भाग निकले। अमित ने मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी। घरवाले अमित को नगर की सीएचसी ले गए।
यहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी वीपी सिंह सोलंकी, विशुनगढ़ थानाध्यक्ष राधेश्याम यादव स्वाट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी की सूचना पर आसपास के थानों की पुलिस सक्रिय हो गई। कुछ देर बाद कोतवाली पुलिस ने छिबरामऊ क्षेत्र से बाइक सवार तीन युवकों को संदेह के आधार पर पकड़ लिया। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है युवती से इनकी शिनाख्त कराई जाएगी।