गुरसहायगंज। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर एक व्यक्ति ने पात्र महिला से 16 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित महिला ने कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नेकपुर कायस्थ निवासी नन्हे लाल की पत्नी आरती देवी ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि 14 अक्तूबर को उनके पास फोन आया कि उनका प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो गया है। साथ ही खाते में 35 सौ रुपये भेजने को कहा। इस पर उसने बताए गए खाते में 35 सौ रुपये ट्रांसफर कर दिए। दूसरे दिन से फोन कर पांच हजार रुपये और मांगे गए। यह रकम भी उसने भेज दिया। तीसरे दिन फिर 75 सौ रुपये मांगे गए, इसे भी उसके खाते में भेज दिया।
इसके बाद 65 सौ रुपये खाते में और भेजने के लिए कहा गया। रुपये भेजने से मना किया तो उसने आवास निरस्त करने की धमकी दी। इसके बाद उसका फोन स्विच आफ हो गया। उसने कोतवाल राजकुमार सिंह से कार्रवाई की मांग की है।