तालग्राम। बिरियाहार टिकुरियन गांव में आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक मजदूर ने भूसा की कोठरी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी रामगोपाल(35) के पिता नरेशचंद्र की दो साल पहले गदनापुर गांव में मजदूरी करते समय हालत बिगड़ने से मौत हो गई थी। तभी से परिवार की जिम्मेदारी रामगोपाल पर आ गई थी। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। इस समय आर्थिक हालत काफी खराब थी। पत्नी नन्ही देवी ने बताया कुछ दिनों से आर्थिक तंगी से परेशान थे।
गुरुवार की देर शाम खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए। रात में किसी समय भूसा की कोठरी में पति ने फांसी लगा ली। सुबह मवेशी के लिए भूसा भरने गई तो फांसी पर लटके देखा। आत्महत्या की सूचना पर थाना प्रभारी कृष्णलाल पटेल और चौकी की पुलिस गांव पहुंची। चौकी प्रभारी अमोलर आनंद पांडेय ने पंचायतनामा भरा। रामगोपाल तीन भाई छविनाथ और धीरेंद्र में सबसे बड़ा था। परिवार में बेटा शिवम, दीपांशु, बेटी नेहा व स्नेही हैं। सभी नाबालिग हैं।