कन्नौज। तमंचा लगाकर बाइक सवार देवर-भाभी से लूटपाट का मामला फर्जी निकला। छानबीन में सामने आया कि बाइक में टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर चालक से मारपीट हुई थी।
सदर कोतवाली के भिम्मापुर्वा निवासी धर्मेंद्र ने 12 मई को पुलिस को सूचना दी थी कि वह भाभी सुखदेवी के साथ बाइक से जा रहा था। इस दौरान सढ़ियापुर के पास बदमाशों ने तमंचा लगाकर भाभी के जेवर लूट लिए। पुलिस की जांच में सामने आया कि बाइक में ट्रैक्टर की टक्कर लगने के बाद सढ़ियापुर निवासी चालक छबिराम से विवाद हो गया था। मामला बढ़ने पर छबिराम, कल्लू, शोभित ने धर्मेंद्र को पीट दिया था। शनिवार को धर्मेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि छानबीन में सामने आया कि मामला मारपीट का है। इससे पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।