तालग्राम (कन्नौज)। इंदरगढ़-छिबरामऊ मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक के अगले सॉकर अचानक टूट गए। बाइक सवार दंपती घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भर्ती कराया। बाइक चालक हेलमेट नही लगाए था।
कानपुर देहात थाना रसूलाबाद गांव महापुर्वा निवासी राजेश कुमार (42) तालग्राम के हिमंतनगला गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। उनके साथ में पत्नी जलदेवी (40) भी बाइक पर पीछे बैठी थीं। मंगलवार दोपहर ताहपुर ईशन नदी पुल से आगे निकलते ही सड़क पर बने गड्ढे में बाइक अनियंत्रित हो गई और झटका लगने से बाइक के आगे के दोनों सॉकर टूट गए, जिससे पति-पत्नी घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी अमोलर धीरेंद्र सिंह ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा, जहां से राजेश को मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया है। (संवाद)