छिबरामऊ (कन्नौज)। बेटे की बरात में शामिल होने के लिए जा रहे पिता की बाइक में दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पिता को गंभीर हालत में सौ शैया अस्पताल से सैफई के लिए रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार को फर्रुखाबाद के मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुठिना निवासी साबिर अली (55) बेटे मोमीन अली की बरात में बाइक से सौरिख जा रहे थे। बाइक को उनके परिवार का ही युवक चला रहा था। काली नदी पुल से पहले एक इंटर कॉलेज के पास दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में साबिर अली गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजनों ने उसे गंभीर हालत में सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के लिए रेफर कर दिया। (संवाद)