तिर्वा। डी-फार्मा के नाम पर स्कूल संचालक ने छात्रों से की ठगी के मामले की जांच शुरू हो गई। डीएम के निर्देश पर डीआईओएस और एसडीएम ने संयुक्त रूप से छात्रों के बयान दर्ज किए। वहीं स्कूल संचालक को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है।
आरोप है कि कस्बे के एक निजी कालेज संचालक ने डी-फार्मा में प्रवेश के नाम पर जमकर धन उगाई की। फीस लेने के बाद बताए गए स्कूल में प्रवेश न दिलाकर अलग-अलग कालेजों में प्रवेश करा दिया। कई छात्रों की फीस भी जमा नहीं की गई। इस धोखाधड़ी करने की शिकायत छात्रों ने डीएम से लेकर एसडीएम, पुलिस अधिकारियों से की थी। डीएम राकेश कुमार मिश्रा ने कालेज की मान्यता के साथ छात्रों के साथ धोखाधड़ी करने की जांच के लिए डीआईओएस व एसडीएम तिर्वा को दी।
गुरुवार को एसडीएम राकेश कुमार त्यागी ने छात्रों को बुलाकर उनके बयान को दर्ज करते हुए स्कूल से मिले साक्ष्य एकत्रित किए। एसडीएम ने बताया कि छात्रों के बयानों को दर्ज करके संचालक को नोटिस भेजकर तीन दिन में जबाब मांगा गया। अगर निर्धारित समय पर जवाब नहीं मिलता है तो संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।