छिबरामऊ। खनन विभाग में संविदा पर कार्यरत युवक इटावा में साली की शादी में शामिल होने गया था। बाद में किसी काम से कानपुर जाते समय युवक की आंख लग गई और कार खडे़ टैंकर से टकरा गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद युवक का शव जैसे ही गांव पहुंचा परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्राम लोधापुर नंदलालपुर निवासी शिवम दुबे (24) फर्रुखाबाद में खनन विभाग में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। ताऊ कोटेदार आदित्य कुमार दुबे की कार से शनिवार को पत्नी तनु व दो माह के पुत्र के साथ इटावा में साली के शादी समारोह में शामिल होने गया था। शादी समारोह होने के बाद रविवार को पत्नी व बच्चे को ससुराल में छोड़कर किसी निजी काम से कानपुर जा रहा था। औरैया में आंख लग जाने के कारण अनियंत्रित हुई कार, खड़े टैंकर में पीछे से टकरा गई। हादसे में शिवम की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर शिवम के परिजनों समेत ससुराल में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद जैसे ही परिजन शव के साथ गांव पहुंचे, परिजनों में कोहराम मच गया। मां प्रतिभा, छोटे भाई रिषभ व बहन, पत्नी तनू व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
एक साल पहले हुई थी पिता की मौत
शिवम के पिता बृजेंद्र कुमार की बीमारी के चलते एक साल पहले मृत्यु हो गई थी। उसके बाद परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। लगभग डेढ़ साल पहले इटावा निवासी तनु के साथ उसका विवाह हुआ था। दो माह का एक पुत्र भी है। छोटा भाई ऋषभ व बहन अभी नाबालिग हैं।