कन्नौज। मरीज को लेने जा रही एंबुलेंस और बाइक टकरा गई। इसके बाद चालक को एंबुलेंस से उतार कर मारपीट कर दी गई। विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचा और चाकू लगा कर नगदी और सोने की चेन तोड़ ली। जान से मार देने की धमकी दी गई। मामले की तहरीर चालक ने ठठिया थाने में दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर में मुजाह निवासी संदेश उर्फ राहुल 108 नंबर एंबुलेंस के चालक हैं। इन्होंने ठठिया थाने में तहरीर दी है। बताया कि नौ अगस्त को वह ठठिया थाना क्षेत्र के गांव खैरनगर जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक सवारों ने एंबुलेंस में टक्कर मार दी। इससे एंबुलेंस की लाइट टूट गई। इसके बाद दोनों बाइक सवारों ने एंबुलेंस से उतार कर पीट दिया। विरोध करने पर बाइक से तमंचा व चाकू निकाल कर जान से मार देने की धमकी दी। उससे 20 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली।
शोर मचाने पर लोग मौके पर आ गए। लोगोें को देख इन्होंने खुद के तिर्वा का होने की बात कहते हुए एंबुलेंस मार्ग पर न चलने देने की धमकी दी। एंबुलेंस चालक ने घटना की जानकारी प्रोग्राम मैनेजर के अलावा अन्य विभागीय अधिकारियों को दी। इसके बाद लूट के संबंध में शिकायती पत्र ठठिया थाना प्रभारी को दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।