पद यात्रा में मौजूद कांग्रेसी।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ (कन्नौज)। महंगाई, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न, कृषि कानून, पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेसियों ने पैदल मार्च किया। नेहरू महाविद्यालय से पश्चिमी बाईपास स्थित गांधी प्रतिमा तक लोगों को जागरूक किया गया। पूर्व विधायक संतोष चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा सरकार में सभी परेशान हैं। यह उद्योगपतियों की सरकार है। जनता के हितों से इनका कोई लेना देना नहीं है।
प्रदेश सचिव ऊषा दुबे ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा में सरकार पूरी तरह से असफल है। प्रदेश सचिव विजय मिश्रा ने कहा कि सरकार किसानों की विरोधी है। 2022 में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी। जिलाध्यक्ष दिनेश पालीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों को बढ़ावा देकर देश को खोखला कर रही है। स्टेट कोआर्डिनेटर संजय पौल ने कहा कि कांग्रेस में सभी जाति व धर्मों का सम्मान है। कांग्रेस धर्मनिरपेक्ष पार्टी रही है।
इस दौरान विनोद दुबे, अविनाश दुबे, उमर खां, सौरभ त्रिपाठी, बहार कुरैशी, आरिफ खान, गोविंद वर्मा, पुष्पेंद्र पांडेय, विकास मिश्रा, वेंकटेश शुक्ला, ओम कुमार अग्निहोत्री सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।
पद यात्रा के बाद कोतवाली पहुंचे कांग्रेसी
पद यात्रा के बाद कांग्रेसी पूर्व विधायक संतोष चतुर्वेदी के नेतृत्व में कोतवाली पहुंच गए। कांग्रेसियों ने बताया कि सिकंदरपुर के डकैती कांड में पांच आरोपियों को पुलिस ने पकड़ रखा है। वारदात का खुलासा कर दिया गया है। नामजद आरोपी बेकसूर साबित हुए हैं। कांग्रेसियों को सभी लोगों को छोड़ दिए जाने की जानकारी दी गई, तब यह लौटे।