सीसीटीवी कैमरे में कैद आरोपी युवक।
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख(कन्नौज)। मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए बाजार गए बच्चे को अगवा करने का प्रयास किया गया। नाकाम होने पर आरोपी युवक साइकिल लेकर भाग निकला। भागते समय आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
कस्बे की सीएचसी पर तैनात अपर शोध अधिकारी व पुराना अस्पताल निवासी वीरपाल सिंह का 12 साल का बेटा मुकुल शुक्रवार शाम को बुआ का मोबाइल रिचार्ज कराने साइकिल से बाजार गया था। आरोपी ने पिता का सामान देने के बहाने मुकुल को पास बुलाया। इसके बाद बहला-फुसलाकर राजापुर की तरफ ले जाने लगा। बच्चे को शक होने पर उसने जाने से इनकार कर दिया। मोबाइल से परिजनों को फोन करने लगा। अपने को फंसा देखकर आरोपी साइकिल लेकर भाग निकला। इस दौरान वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
वारदात से परिजनों में सनसनी फैल गई। परिजन ने थाने पहुंचकर पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और तहरीर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में टप्पेबाजी का मामला प्रकाश में आया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।