तिर्वा(कन्नौज)। रास्ते पर पानी डालने को लेकर विवाद में तीन लोगों ने गर्भवती महिला को पीट दिया। पेट में चोट लगने से रक्तस्राव शुरू हो गया। मौके पर पहुंची यूपी डायल पुलिस ने महिला को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया।
थाना ठठिया के कुढ़िना गांव निवासी वीरपाल मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। शनिवार सुबह गांव के बाहर मजदूरी करने गए थे। पत्नी किरन पांच माह की गर्भवती हैं। वह घर पर अकेली थीं। दरवाजे पर बैठी हुई थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के युवक ने रास्ते में पानी डाल दिया। किरन के विरोध करने पर युवक गाली गलौज करने लगा। किरन के पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी पर युवक ने दो सहयोगियों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। गर्भवती किरन के पेट पर पैर मार देने से वह घायल होकर गिर गईं। रक्तस्राव देख आरोपी मौके से भाग निकले।
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे पति ने यूपी डायल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक एनएल सिंह ने महिला के बयान दर्ज किए। मेडिकल कालेज की इमरजेंसी से महिला को कानपुर रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष पीएन वाजपेयी ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।