गुरसहायगंज। सराय प्रयाग में पूर्व सपा जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह यादव की मूर्ति का अनावरण करने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा पूर्व सांसद डिंपल यादव आ रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंगलवार को विद्यालय में चर्चा हुई। कार्यक्रम में दो मंच बनाए जा रहे हैं। एक मंच से स्थानीय नेता जबकि दूसरे मंच से पूर्व मुख्यमंत्री संबोधन करेंगे।
सराय प्रयाग स्थित कप्तान सिंह महाविद्यालय में होने वाले कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव, कन्नौज सदर विधायक अनिल दोहरे, सपा नेता बउवन तिवारी, संजू कटियार, आलोक वर्मा, रिटायर्ड कैप्टन रविंद्र सिंह, सुरेश यादव आदि ने तैयारियों का जायजा लिया। विद्यालय के बगल में खाली पड़े मैदान में बड़ा पंडाल लगाया गया है। इसमें बैठने की व्यवस्था की गई है। यहां पर दो मंच बनाए गए हैं।
मूर्ति अनावरण वाले स्थान पर भी कार्यक्रम की तैयारियां रात तक चलीं। पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव ने बताया कि भीड़ को देखते हुए सभा स्थल से आधा किलोमीटर पहले बड़े वाहनों को रोक दिया जाएगा। लोग पैदल ही कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। जिले की पूर्व सांसद डिंपल यादव के भी साथ में आने की संभावना को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम को और सफल बनाने के लिए सराय प्रयाग से आसपास कई किलोमीटर दूर तक बड़ी-बड़ी होर्डिंग लगाई गई है।
गुरसहायगंज। स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम खाडेदेवर में स्वास्थ्य शिविर लगाया और एक सैकड़ा से अधिक लोगों का परीक्षण कर उन्हें दवा वितरित की। गांव में पिछले 15 दिनों से बुखार से 50 से अधिक लोग बीमार चल रहे हैं। इसकी खबर मंगलवार को प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। (संवाद)