कन्नौज। गांव सिमरापुर निवासी इंस्पेक्टर सिंह गांव के ही दबंग योगेश और लोकेश से परेशान है। आए दिन वह उसके खेत में समर्सिबल का पानी काट देते हैं। इससे उसकी फसल का नुकसान हो रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं ससुरालीजनों के उत्पीड़न की शिकार मित्रसेनपुर की परवीन बानो का भी यही कहना था कि कई बार शिकायत के बाद भी पुलिस ने ससुरालीजनों पर कार्रवाई नहीं की। काजीटोला निवासी सरोजनी को पात्र होने के बाद भी कांशीराम कालोनी में आवास नहीं मिला। कई बार तहसील दिवस में शिकायत की। लेकिन समस्या का निस्तारण आजतक नहीं हुआ।
कुछ ऐसी ही शिकायतें फरियादियों ने मंडलायुक्त मो. इफ्तिखारूद्दीन के सामने रखीं। मंगलवार को उनकी अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान फरियादियों की लंबी लाइन लग गई। शिकायतों का पंजीकरण कराने में भी फरियादियों को मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान 187 फरियादियों ने अपनी शिकायतों का पंजीकरण कराया। इसमें राजस्व की तीन, विकास विभाग की 3 व समाज कल्याण विभाग से संबंधित एक शिकायत का निस्तारण कराया गया।
जिला स्तरीय तहसील दिवस में मंडलायुक्त ने कहा कि शिकायतों को निस्तारित कराने में अधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएं। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सदर तहसील के सरनाम सिंह कटियार, खुशीलाल, अजय यादव, मनोज पांडेय, रामबाबू राठौर सहित दर्जनों अधिवक्ताओं ने नवनिर्मित तहसील भवन में चकबंदी न्यायालय स्थापित कराने की मांग की। उनका कहना था कि सदर तहसील के 13 गांव चकबंदी प्रक्रिया के अंतर्गत आ रहे हैं। न्यायालय के अभाव में लेखपालों व न्यायिक कामों के लिए अफसरों को तलाशने में परेशानी होती है। मंडलायुक्त ने जल्द ही चकबंदी न्यायालय सदर तहसील भवन में स्थापित कराने का भरोसा दिलाया।
----
मंडलायुक्त के चलते सतर्क रहा प्रशासन
कन्नौज। सदर तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय तहसील दिवस में मंडलायुक्त के भाग लेने से प्रशासन ने सतर्कता बरती। जगह-जगह फरियादियों को अपने शिकायतपत्रों की जांच करानी पड़ी। गेट पर भी फरियादियों को चेक कर अंदर जाने दिया गया। वहीं गंभीर मुद्दों से जुड़े फरियादियों को बहानेबाजी कर रोका गया। करीब डेढ़ बजे मंडलायुक्त के तहसील दिवस से रवाना होते ही मनमाने तरीके से कर्मचारियों व अधिकारियों ने काम किया। बिना तहसील दिवस की रसीद के ही फरियादियों के शिकायतीपत्रों पर मोहर लगाकर अंदर भेजा गया।
------
फोटो 18केएनजेपी6 गेंहू वितरित कराते मंडलायुक्त
मेड़बंदी किसानों को बांटा गेहूं बीज
कन्नौज। सदर तहसील परिसर में कैंप लगाकर मेड़बंदी वाले गांवों के किसानों को गेहूं बीज का वितरण किया गया। इस दौरान मंडलायुक्त मो. इफ्तखारूद्दीन व डीएम अनुज कुमार झा ने वितरण शुरू कराया। कृषि विभाग की भूमि सेना योजना की परियोजना के तहत खालेपुरवा, करीमनगर व सढ़ियापुर के 35 किसानोें को गेहूं का बीज उपलब्ध कराया गया।
-----
फोटो 18केएनजेपी3 सदर तहसील में शिकायत करने आए सिमरापुर के ग्रामीण
लोहिया गांव में आवास को भटक रहे गरीब
कन्नौज। सदर तहसील के लोहिया गंाव सिमरापुर निवासी अरविंद सिंह, कमलेश, इंद्रपाल, मलिखान, रामनरायन ने सदर तहसील में प्रार्थनापत्र देकर आवास दिलाए जाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि लोहिया ग्राम होने के बावजूद आवास के लिए गांव के काफी गरीब भटक रहे हैं। कच्चे मकान बारिश व आंधी-पानी से गिर जाते हैं। हादसे के बाद प्रशासन लीपापोती शुरू करता है। उन्होंने निरीक्षण कराकर पात्रों को लोहिया आवास योजना का दिलाए जाने की मांग की है।
-----
फोटो 18केएनजेपी5 सदर तहसील में शिकायत करने आयीं गांव याकूबनगर की महिलाएं
समाजवादी पेंशन के लिए लगाई गुहार
कन्नौज। सदर ब्लाक की ग्रामसभा दाईपुर के गांव याकूबनगर की दर्जनभर महिलाओं ने तहसील परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया। गांव निवासी रानी देवी का कहना था कि उन्हें रानी लक्ष्मीबाई पेंशन वर्ष 2012 से मिल रही थी। रोजगार सेवक पिंकू तिवारी व अल्पसंख्यक अधिकारी ने मिलकर उनकी पेंशन काट दी है। जिन व्यक्तियों ने 1500 से लेकर 2000 रुपये दिए उन व्यक्तियों का नाम शामिल किया गया है। गांव की सुनीता देवी, अनारकली, कलावती, विजय लक्ष्मी, सीता देवी का कहना है कि उनके परिवार काफी गरीब हैं। वे लोग गरीबी के चलते पैसा देने में असमर्थ थे। इसलिए योजना से वंचित किया गया है। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर पेंशन शुरू कराए जाने की मांग की है।
तहसील दिवस में आई 96 शिकायतें
तिर्वा (कन्नौज)। तहसील सभागार में मंगलवार को सीडीओ की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 96 शिकायती प्रार्थनापत्र आए। इनमें छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को दस दिनों का समय दिया गया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी महेश चंद्र शर्मा, सीओ अमित कुमार राय, बीडीओ उमर्दा व हसेरन रामउदरेज यादव, तहसीलदार सरोज कुमार, नायब तहसीलदार रामकरन वर्मा ने शिकायतें सुनीं।