कन्नौज। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के लिए मंगलवार खास दिन था। परीक्षा का पहला दिन होने से वे सोमवार की पूरी रात कोर्स दोहराते रहे। परीक्षा समय से करीब एक घंटा पहले तैयार होकर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद परिजनों से टीका कराकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और निकल पड़े असली जिंदगी की दौड़ में शामिल होने। हालांकि पहले वे नर्वस थे, पर पेपर सरल लगा तो खुशी से उछल पड़े।
कुछ छात्र परीक्षा को लेकर सुबह से नर्वस थे तो कुछ में कोई भय नहीं दिखा लेकिन पेपर देकर लौटे ज्यादातर छात्रों के चेहरे खिले थे। पेपर में पूछे गए प्रश्नों को देखकर मन ही मन मुस्कराए और शुरू हो गए जवाब लिखने के लिए। तमाम छात्र तो पहले ईष्ट देव के मंदिर पहुंचे और वहां-पूजा अर्चना की। इस दौरान रास्ते भर जहां जहां मंदिर मिले, वहां मनौतिया मांगते नजर आए।
रात भर सो नहीं सका
कन्नौज। हाईस्कूल की परीक्षा देने वाले समर प्रताप का कहना था कि परीक्षा में शामिल होने से पहले काफी घबराहट रही। इसी कारण पूरी रात सो नहीं सका, लेकिन पेपर देने के बाद मन काफी हल्का हो गया।
परीक्षकों को लेकर चिंता थी
कन्नौज। छात्र रामकृष्ण तिवारी का कहना था कि पेपर देने से पहले काफी परेशान थे कि परीक्षा केंद्र पर शिक्षक किस तरह से पेश आएंगे। कहीं बार-बार तलाशी लेने के लिए तो नहीं उठाया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ और काफी शांति के साथ पेपर दिया।
खत्म हो गया बोर्ड का हौवा
कन्नौज। छात्र शुभम यादव ने कहा कि बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने से पहले तमाम लोगों से सुन रखा था कि इसमें काफी सख्ती होती है। किसी को हिलने नहीं दिया जाता, लेकिन उनको ऐसा कुछ नहीं दिखा। सबसे खुशी की बात यह है कि मन से बोर्ड का हौवा गायब हो गया। अब उन्हें इस बात को लेकर कोई परेशानी नहीं है।
पांच बजे हो गया तैयार
कन्नौज। छात्र पियूष अग्निहोत्री ने कहा कि पहला पेपर होने के नाते वह कई दिनों से काफी खुश थे कि हाईस्कूल की परीक्षा देंगे। साथ ही घबराहट भी थी, वह मंगलवार को पेपर देने के लिए सुबह पांच बजे ही तैयार हो गए।
कई छात्र अनुपस्थित रहे
बरगांवा (कन्नौज)। ब्रह्मचारी देवा आश्रम विद्यालय राजापुरवा बरगांवा में हिंदी में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने छापा मारकर पूरे केंद्र में तलाशी ली पर कोई परीक्षार्थी नकल करते नहीं मिला। पंजीकृत 430 छात्रों में 84 अनुपस्थित रहे।