कन्नौज। जसोदा लिफ्ट कैनाल की दुर्दशा पर अमर उजाला में खबर छपने के बाद अधिकारी जागे हैं। इसकी टेल तक पानी पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने एक कदम तो उठा ही लिया है। इस बाबत अपर जिलाधिकारी रमेश चंद्र यादव ने नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता जयंत मिश्रा को पत्र भेजकर ब्योरा तलब किया है। उन्होंने नहर पूरी क्षमता से चलाने और इससे जुड़े समस्त किसानों को खेत सींचने के लिए पानी मुहैया कराने का भरोसा दिलाया है।
1972 में बनी जसोदा लिफ्ट कैनाल से जुड़े करीब 1700 कृषि क्षेत्रफल के किसान पानी के लिए तरस रहे हैं। खेतीबाड़ी से जुड़े इस मुद्दे को अमर उजाला ने गंभीरता से उठाया। इसके बाद प्रशासन ने भी किसानों के दर्द को महसूस किया। अपर जिलाधिकारी ने एक्सईएन नलकूप जयंत मिश्रा को कड़ा पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने लिफ्ट कैनाल से जुड़ी समस्त जानकारियां तीन दिन के भीतर मंगाई हैं।
एडीएम ने कहा कि जनहित से जुड़ी यह समस्या बेहद गंभीर है। इसका समाधान वह हरहाल में कराएंगे। सर्वप्रथम अभियंताओं से विचार-विमर्श किया जाएगा कि क्या कदम उठाए जाएं, जिससे कैनाल की टेल तक यानि 8.4 किलोमीटर की दूरी तक पानी पहुंच सके। पटरी मरम्मत, नहर पक्की करने, जर्जर मोटरें बदलवाने से लेकर अन्य जो भी बेहतर होगा, उसके लिए इस्टीमेट व प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को भेजा जाएगा। पुख्ता इंतजाम किया जाएगा ताकि खांदी कटने की नौबत ही न आए।