पर्चा बनवाने के लिए काउंटर पर लगी भीड़।
- फोटो : CHIBRAMAU
कन्नौज। पैथोलॉजी में रैपिड टेस्ट किट से जांच में तीन और एलाइजा रिपोर्ट में 15 डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। वहीं सौरिख के अलीपुर गांव और मजरे में बुखार से तीन की मौत हो गई। एलाइजा रिपोर्ट में अब तक 350 और किट से जांच में 202 डेंगू पॉजिटिव मिल चुके हैं।
जिले में अब तक बुखार से 34 लोगों की जान जा चुकी है। बुधवार को जिला अस्पताल के आयुष विभाग, पैथोलॉजी, ओपीडी, पंजीकरण कक्ष, इमरजेंसी व महिला अस्पताल में भीड़ रही। 574 का पंजीकरण किया गया। इसमें 45 बुखार के मरीज मिले। 180 का ब्लड सैंपल लिया गया। 10 की रैपिड टेस्ट किट से जांच की गई। इसमें तीन डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इनमें देविनटोला, आकिलपुर व जसौली का एक-एक पीड़ित है। अस्पताल में 36 बेड फुल हैं। डॉक्टर बृजेश शुक्ला ने बताया कि तिर्वा मेडिकल कालेज से एलाइजा की रिपोर्ट आई है। इसमें 15 डेंगू पॉजिटिव मिले हैं।
अलीपुर में बुखार से कई बीमार
अलीपुर गांव में डेंगू के लक्षणों वाले बुखार की चपेट में आकर युवक, महिला और अधेड़ की मौत हो गई। गांव के छुन्नू (40) को पांच दिन पहले बुखार आने पर परिजन फर्रुखाबाद ले गए। निजी चिकित्सक के यहां उपचार के दौरान मंगलवार रात छुन्नू की मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं गांव की शारदा देवी (60) 15 दिन से बुखार से ग्रसित थीं। फर्रुखाबाद में निजी चिकित्सक के यहां हालत में सुधार न होने पर मंगलवार को घर भेज दिया गया। बुधवार को दोबारा हालत बिगड़ गई। परिजन जब तक उपचार के लिए ले जाने की तैयारी करते, मौत हो गई। वहीं मजरे बगियाहार के मथुरा प्रसाद (57) की मौत हो गई। इन्हें बुखार आ रहा था। कानपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गांव की उर्मिला देवी, सूबेदार, बलराम, नीलू, गोल्डी, सुरजीत, रामकिशोर, चंचल, रमन देवी सहित कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। कीटनाशक दवा के छिड़काव और स्वास्थ्य शिविर की मांग की गई है।