झांसी। कोतवाली इलाके के लक्ष्मी गेट के पास रहने वाले एक युवक ने पारिवारिक कलह से ऊबकर घर में ही फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पुलिस के मुताबिक दीपक (30) निवासी लक्ष्मीगेट के पास किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। जीविकोपार्जन के लिए वह ऑटो चलाने का काम करता था। उसकी पत्नी इन दिनों मायके गई हुई है। बुधवार को वह घर में अकेला था। इसी दौरान दोपहर करीब बारह बजे उसने घर के भीतरी कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर छत पर लगे चूल्ले से लटक गया। कुछ देर बाद परिजन घर लौटे लेकिन, दरवाजा न खुलने पर उनको शक हुआ। अंदर से झांककर देखा तब दीपक का शव लटक रहा था। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस भी पहुंच गई। पंचनामा भरकर पुलिस ने शव को चीरघर भिजवा दिया। सूचना मिलने पर उसकी पत्नी भी बदहवास होकर वहां पहुंच गई। कोतवाली इंस्पेक्टर का कहना है कि परिवार के लोग स्पस्ट तौर पर घटना की वजह नहीं बता रहे लेकिन, कुछ बात को लेकर दीपक का परिवार में मनमुटाव चल रहा था। इसको लेकर वह परेशान बताया जा रहा था। घरवालों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।