राजघाट का जलस्तर अभी चार मीटर नीचे, माताटीला को नहीं मिल सका पानी
झांसी। राजघाट जलाशय में जलस्तर अभी तयशुदा क्षमता के मुकाबले करीब चार मीटर नीचे है। पर्याप्त पानी न आने से वहां से पानी छोड़ा नहीं जा सका। इस वजह से माताटीला समेत नीचे पड़ने वाले दूसरे जलाशयों तक पानी पहुंचने में अभी समय है। माताटीला बांध से अब सिर्फ लोकल कैचमेंट से भरा पानी बाहर छोड़ा जा रहा है।
झांसी मंडल के ललितपुर में स्थित राजघाट सबसे पहला जलाशय पड़ता है। मप्र से पानी आने के बाद सबसे पहले यहां पानी संग्रहित होता है। झांसी में झमाझम बारिश हुई लेकिन, इसका कोई फायदा राजघाट जलाशय को भरने में नहीं मिला हालांकि लोकल कैचमेंट का पानी माताटीला जलाशय में पहुंचने से वहां से पानी छोड़ा गया। सिंचाई विभाग के अभियंताओं के मुताबिक जलाशयों के तयशुदा रोस्टर के मुताबिक 8 अगस्त तक राजघाट जलाशय को 369 मीटर ऊंचाई तक भरा जाना है। अभी यहां सिर्फ 365 मीटर ही भरा जा सका है। 8 अगस्त के बाद आगेके लिए पानी छोड़ा जाएगा। राजघाट से पानी छूटने के बाद ही माताटीला बांध को भरा जा सकेगा। बृहस्पतिवार को पानी की रफ्तार में कोई बढ़ोत्तरी दर्ज नहीं हुई। अधिशासी अभियंता मो.फरीद के मुताबिक राजघाट में यह जलस्तर आने में कुछ दिन लगेंगे। आज माताटीला बांध से सिर्फ 1280 क्यूसेक पानी ही बेतवा में छोड़ा गया जबकि पारीछा बांध से 4990 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।