फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झांसी: प्रेमी के साथ रहना चाहती थी, इसलिए युवती ने किया अपहरण का नाटक, 12 घंटे तक ढूंढती रही पुलिस

Mon, 30 Aug 2021 08:18 PM IST
Trainee Trainee न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झांसी

सार

युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी पिछले महीने जुलाई में शादी हुई थी। लेकिन, वो अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। इसी वजह से खुद के अपहरण की साजिश रची थी। उसने बताया कि वो पैसे लेकर प्रेमी के साथ जाना चाहती थी। युवती के बरामद होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

थाना नवाबाद इलाके की एक युवती ने खुद के अपहरण का नाटक कर पुलिस को खूब छकाया। अपने ही मोबाइल से परिजनों को मेसेज भेजकर 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग कर डाली। सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लगातार 12 घंटे तक पुलिस युवती की तलाश में जुटी रही। इस दरम्यान पुलिस ने शहर भर के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल डाले। बाद में युवती को एक होटल के कमरे से बरामद किया गया। जबकि, इस पूरे घटनाक्रम में सहयोग करने वाला उसका प्रेमी पुलिस के हाथ से फिसल गया।

विज्ञापन

पिछोर की एक युवती की शादी पिछले महीने ही हुई थी। रक्षाबंधन पर वो अपने मायके आई हुई थी। शनिवार को वो अपने चचेरे भाई के साथ बाजार आई थी। तकरीबन एक बजे मालिनों के तिराहे पर वो बाइक से उतर गई थी। उसने भाई से कहा था कि उसका पति इलाइट चौराहे पर है। वो शॉपिंग अब उसी के साथ कर लेगी। इसके एक घंटे बाद भाई के मोबाइल पर युवती के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप मेसेज आया, जिसमें युवती को जान से मारने की धमकी देते हुए 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इससे परिजनों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। पूरा पुलिस महकमा एकदम अलर्ट मोड पर आ गया। युवती की बरामदगी की कमान खुद एसएसपी शिवहरि मीणा ने संभाल ली और इसके लिए आठ टीमें लगा दीं। मालिनों के तिराहे से लेकर मानिक चौक, खंडेराव गेट, जीवनशाह, इलाइट तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। नगर निगम के इंटीग्रेटिड कमांड कंट्रोल सेंटर से भी सीसीटीवी फुटेज लिए गए। रात तकरीबन दो बजे युवती की लोकेशन इलाइट के पास स्थित एक होटल में लगी। पुलिस पहुंचने पर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन वो पकड़ी गई। जबकि, अपहरण के इस नाटक में युवती का सहयोग करने वाला उसका प्रेमी भाग निकला। रात दो बजे युवती की सकुशल बरामदगी होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। पूछताछ में युवती ने बताया कि उसकी शादी मर्जी से नहीं की गई थी। वह प्रेमी के साथ रहना चाहती थी। फिरौती मांगकर वो कुछ रकम हासिल करना चाहती थी, ताकि आगे की जिंदगी आराम से बिता सके।

ऐसे युवती तक पहुंची पुलिस
झांसी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवती की लोकेशन इलाइट के इर्दगिर्द मिल रही थी। उसके मोबाइल से उसे ट्रेस करने की कोशिश की गई, लेकिन सटीक लोकेशन पुलिस को नहीं मिल पाई। युवती द्वारा व्हाट्सएप पर भेजी गईं फोटो की पड़ताल की गई। उसमें फर्श के टाइल्स भी नजर आ रहे थे। युवती की तलाश में होटलों में पहुंची पुलिस टीमों ने फोटो में दिख रही फर्श के टाइल्सों की डिजाइन पर भी नजर जमाना शुरू कर दी। इसके अलावा युवती ने व्हाट्सएप पर कॉल कर बताया था कि अपहरणकर्ता उसे ट्रेन से कहीं बाहर ले जा रहे हैं, जबकि कॉल के दरम्यान के पुलिस की गाड़ियों के हूटर व अन्य वाहनों के हॉर्न की आवाज आ रही थी। इससे पुलिस इस बात से निश्चिंत हो गई थी कि युवती को ट्रेन से कहीं नहीं ले जाया जा रहा है। पुलिस ने इलाइट के आसपास स्थित होटल खंगाले और युवती तक पहुंच गई।
विज्ञापन


खिड़की का कांच तोड़कर लगाई छलांग
झांसी। पुलिस के होटल के कमरे तक पहुंचने पर युवती ने अंदर से ताला लगा लिया। पुलिस ने पहले दरवाजा खटखटा कर उससे बाहर आने के लिए कहा, लेकिन वो नहीं मानी। इस पर पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़ने की तैयारी करने लगी, इसी दरम्यान युवती ने होटल की पहली मंजिल पर स्थित कमरे की खिड़की का कांच का तोड़कर नीचे छलांग लगा दी। वो पहले एक टीन शेड पर गिरी और फिर एक छलांग मारकर नीचे जमीन पर आ गई और एक दीवार के सहारे छिपकर बैठ गई। पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। गनीमत रही कि युवती के पैरों में मामूली ही चोट आई।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें