झांसी-ललितपुर के सांसद अनुराग शर्मा ने कहा है कि लिपिकीय त्रुटि की वजह से स्टेशन के नाम से झांसी छूट गया है। गलती को ठीक करने के लिए मुख्यमंत्री और रेल मंत्री को पत्र लिखा गया है।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 28 दिसंबर 2021 को जारी की गई अधिसूचना में झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन कर दिया गया था। स्टेशन का नाम बदलने का श्रेय लेने वालों में झांसी-ललितपुर के सांसद अनुराग शर्मा भी आगे थे। लेकिन, स्टेशन के नाम से झांसी हटने पर स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया था। सभी दल इस मुद्दे पर एक मत हो गए थे। यहां तक कि कांग्रेसियों ने तो स्टेशन पर पहुंचकर शिलापट्ट पर नाम के आगे पेंट से झांसी लिख दिया था।
विज्ञापन
सदर विधायक रवि शर्मा ने भी रेल मंत्री को पत्र लिखकर स्टेशन में झांसी का नाम जोड़ने की मांग की थी। विरोध बढ़ता देख सांसद पलटी मार गए हैं। उन्होंने कहा कि लिपिकीय त्रुटि की वजह से स्टेशन के नाम से झांसी छूट गया है। गलती को ठीक करने के लिए मुख्यमंत्री और रेल मंत्री को पत्र लिखा गया है। इसकी प्रक्रिया लंबी है, लेकिन पूरी कोशिश की जा रही है।