बुंदेलखंड में टीकाकरण का ग्राफ सुधरा, महोबा अव्वल
झांसी। पिछले कुछ समय में बुंदेलखंड में कोरोना टीकाकरण के ग्राफ में काफी सुधार हुआ है। 48.38 फीसदी टीकाकरण कर महोबा बुंदेलखंड में टॉप पर काबिज है। दूसरे नंबर पर हमीरपुर और तीसरे पर झांसी का नंबर आता है। हालांकि, बांदा सबसे नीचे चल रहा है।
पांच अगस्त की रिपोर्ट के मुताबिक महोबा में 5,96,864 लोगों के सापेक्ष 48.38 फीसदी को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। हमीरपुर में 7,52,262 लोगों को टीका लगना है, जबकि 39.59 फीसदी को वैक्सीन लगी है। बुंदेलखंड में टीकाकरण के मामले में झांसी तीसरे स्थान पर है। यहां 13,62,714 लक्ष्य के सापेक्ष 37.93 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण हुआ है। इसी तरह, जालौन में 11,42,478 के मुकाबले 34.84 प्रतिशत, चित्रकूट में 6,75,184 के मुकाबले 34.73 फीसदी, ललितपुर में 8,30,641 के सापेक्ष 31.98 प्रतिशत, बांदा में 12,26,058 की तुलना में 30.88 फीसदी लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है।
गौतम बुद्ध नगर प्रदेश में पहले नंबर पर
वैक्सीनेशन के मामले में गौतम बुद्ध नगर प्रदेश में पहले नंबर पर है। यहां लक्ष्य से अधिक 121.19 फीसदी लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगी है। जबकि, 56.54 प्रतिशत के साथ गाजियाबाद दूसरे नंबर और 51.11 प्रतिशत टीकाकरण कर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तीसरे पायदान पर है।
मंडलायुक्त के पहल पर ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को टीकाकरण अभियान से जोड़ा गया। इसका असर हुआ है। झांसी मंडल का ग्राफ में सुधार हुआ है। वैक्सीनेशन में प्रदेश में झांसी का 17वां स्थान है। - आनंद चौबे, मंडलीय परियोजना प्रबंधक, एनएचएम।