झांसी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में 2020- 21 में 7420 आवास बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया, इसमें से 4476 आवास बन गए हैं और बाकी करीब तीन हजार आवासों का निर्माण कार्य चल रहा है। यह आवास 15 अगस्त तक बनाने का लक्ष्य है। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 1126 आवास स्वीकृत हो गए हैं। जल्द ही इनका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2022 तक हर उस नागरिक को घर प्रदान किया जाना है, इसके पास पक्का घर नहीं है और आर्थिक रूप से कमजोर है। योजना के अंतर्गत न्यूनतम क्षेत्रफल 25 वर्ग मीटर में आवास बनाया जाता है। वर्ष 2020-21 में 7420 लाभार्थियों का चयन किया गया था। इसके तहत अब तक 4476 आवासों का निर्माण हो गया है और बाकी 2944 आवासों में निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें बबीना ब्लॉक में 512, बड़ागांव में 395, बामौर में 979, बंगरा में 623, चिरगांव में 1136, गुरसराय में 1730 और मोंठ में 1045 आवास बनाने का लक्ष्य था। जिन आवासाें में काम चल रहा है, वह अंतिम चरण में है। सभी आवासों को 15 अगस्त तक कंपलीट करने का लक्ष्य दिया गया है, ताकि समय पर पूरे हो जाएं।
मुख्यमंत्री योजना के बनेंगे 1126 आवास
प्रधानमंत्री आवास योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत भी आवासों का निर्माण किया जाता है। योजना का मकसद अधिक से अधिक लोगों को पक्के आवास मुहैया कराना है। इसके अंतर्गत 1126 आवासों का चयन किया गया है। यह आवास स्वीकृत होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 2944 आवासों का निर्माण कार्य चल रहा है। यह आवास 15 अगस्त तक कंपलीट करने का लक्ष्य है, इसलिए तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है। - उपेंद्र प्रसाद पाल, परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण।