झांसी। अमर उजाला के ‘टीका ही बचाएगा’ अभियान के तहत लोगों को कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसका खासा असर हुआ है। जिले के 120 गांवों में शत प्रतिशत टीकाकरण हो गया है। इस काम में जिन लोगों की बड़ी भूमिका रही है, उन्हें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 27 अगस्त (शुक्रवार) को सम्मानित किया जाएगा।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव का सबसे बड़ा हथियार वैक्सीन ही है। शत प्रतिशत वैक्सीनेशन के जरिए इस महामारी का पूरी तरह से खात्मा किया जा सकता है। ज्यादा से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवाएं, इसके लिए अमर उजाला की ओर से टीका ही बचाएगा अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में लोगों को जागरूक करने का काम किया जा रहा है। इसका असर ये हुआ कि गांव-गांव में युवा और बुजुर्ग सभी वैक्सीन लगवाने के लिए आगे आए। एक के बाद एक जिले के 120 गांवों में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इसके अलावा जल्द ही कई और गांवों में शत प्रतिशत टीकाकरण होने वाला है।
शत प्रतिशत टीकाकरण में स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात स्टाफ, आशा, आंगनबाड़ी कर्मचारी, एनएनएम, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, स्वयंसेवी संस्थाओं आदि ने बड़ी भूमिका अदा की। इन सभी को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 27 अगस्त को किला रोड स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
जिले के 120 गांवों में शत प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। जल्द ही कई और गांव में भी इस सूची में शामिल होने वाले हैं। इसमें ग्राउंड लेवल के कर्मचारियों की बड़ी भूमिका रही है। हालांकि, शुरुआत में ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों में कोरोना टीके को लेकर जागरूकता की कमी थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण के लिए लोग तेजी से आगे आ रहे हैं। जिले में टीकाकरण का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। टीकाकरण में योगदान करने वालों के सम्मानित होने से उनका मनोबल बढ़ेगा। - आंद्रा वामसी, जिलाधिकारी।