झांसी। पुष्पक एक्सप्रेस और पटना इंदौर एक्सप्रेस में लूटपाट करने वाले लुटेरों का पता लगने पर ही जीआरपी की टीम पश्चिमी यूपी से लौटकर वापस आएगी। वहां पर टीम रेलवे अपराधों से जुड़े हर अपराधी की गतिविधि का पता कर रही है। यहां तक कि जो जेल में हैं उनसे भी जानकारी ली जा रही है। स्थानीय स्तर पर भी उरई व झांसी में लगीं टीमें घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले बदमाशों की लगातार उनकी सक्रियता पर नजर रख रही हैं। हालांकि, अभी तक आरपीएफ और जीआरपी की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं हैं।
पूर्व में जो घटनाएं हुईं थीं उनमें पश्चिमी यूपी के बदमाश प्रकाश में आए थे। इसी आशंका को देखते हुए एक टीम को पश्चिमी यूपी भेजा गया है। इस टीम को निर्देशित किया गया है कि जब तक बदमाश पकड़े नहीं जाते हैं वहां पर वह अपनी सक्रियता बनाए रखे। यह टीम मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ़्फरनगर, बागपत, बड़ौत, शामली समेत अन्य जिलों में बदमाशों की तलाश कर रही है। साथ ही लखनऊ मुख्यालय से भेजी गई एसटीएफ टीम के एक्सपर्ट घटनास्थल के आसपास क्षेत्रों के मोबाइल टावरों से खंगाले गए संदिग्ध नंबरों के लोगों से स्वयं पूछताछ कर रही है। ऐसे हर व्यक्ति के पिछले इतिहास को खंगाला जा रहा है।
इसके अलावा जीआरपी ने स्टेशनों के भी सीसीटीवी फुटेज निकाले हैं, जहां पर ट्रेनें रुकीं थीं। दोनों ट्रेनें उन्नाव, कानपुर, उरई व झांसी स्टेशन पर रुकी थीं। जीआरपी का मानना है कि अगर बदमाशों का कोई साथी ट्रेन के अंदर पहले से मौजूद था तो वह निश्चित ही ट्रेन में चढ़ता या उतरता जरूर नजर आ जाएगा। इसी तरह दोनों ट्रेनों की पीड़ित महिलाओं से दोबारा पूछताछ की गई है। सेमरी, आटा, दतिया, एट के टोला प्लाजा से 100 घंटे की फुटेज निकलवाई गई है। फुटेज में बाइक वाली लाइन से गुजरी गाड़ियों को एक- एक कर छानबीन जारी है। लुटेरों का पता लगाने के लिए सबसे अधिक मदद सर्विलांस की ली जा रही है।
- पश्चिमी यूपी में जो टीम भेजी गई जो उसे निर्देशित किया गया है कि जब तक घटना का अनावरण नहीं हो जाए, तब तक वहां बदमाशों की तलाश जारी रखे।
मोहम्मद इमरान, एसपी जीआरपी।
यहां हुईं थीं घटनाएं
-----------------
- 23 अगस्त की रात बदमाशों ने उरई सेक्शन के सरसौखी स्टेशन आउटर पर 09322 पटना इंदौर एक्सप्रेस के यात्रियों के साथ लूटपाट की थी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने सिग्नल फेल करने के लिए उस पर गीली मिट्टी लगाकर कपड़ा बांध दिया था। हथियारों के बल पर बदमाश कई यात्रियों का कीमती सामान लूट ले गए थे। इनमें इंदौर के तुकोगंज निवासी दीपांशी तिवारी, पटना के सिरौनी निवासी अंजनी व बाराबंकी के हैदरगढ़ निवासी अनीता ने जीआरपी झांसी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तीनों महिलाओं के गले से बदमाश मंगलसूत्र छीन ले गए थे जबकि इस ट्रेन में आरपीएफ स्क्वायड तैनात था।
- 24 अगस्त की रात बदमाशों ने पुष्पक एक्सप्रेस को पारीछा होम सिग्नल पर रोक कर यात्रियों के साथ लूटपाट की। बदमाशों ने ट्रेन को रोकने के लिए यहां भी सिग्नल पर गीली मिट्टी से लिपटा कपड़ा बांधा था। बदमाशों ने खिड़की से हाथ डालकर महिला यात्री माधुरी चौधरी के कान का झुमका लूट लिया। इस ट्रेन में जीआरपी स्क्वायड तैनात था।
-------------------