झांसी। नवरात्र, धनतेरस और दीपावली पास आते ही त्योहार की खरीदारी शुरू हो गई है। सोने-चांदी के रेट में गिरावट के साथ ही हल्के वजन और डिजाइनर लुक के जेवरात आने से सर्राफा बाजार में खरीदारों की भीड़ से दुकानों में चमक भी दिखने लगी है। सर्राफा बाजार में दुकानदारों का कहना है कि अबकी नवरात्र से लेकर सहालग तक हर रोज दो से ढाई करोड़ की खरीदारी होने की उम्मीद है।
कोरोना खत्म हो रहा है, इससे लोग बाजार में आ रहे हैं, और एक बार फिर से सोने के जेवरात पसंद किए जा रहे हैं। इस बार त्योहार में जहां कोलकाता, बाम्बे, साउथ, राजस्थानी, इटैलियन और टर्की डिजाइन के सोने के जेवरातों की बेहतरीन डिजाइन की ज्वैलरी बाजार में सज रही है, वहीं 15 से 25 ग्राम सोने में डिजाइनर जड़ाऊ और ब्राइडल सेट भी हैं। चोकर स्टाइल रियल पर्ल (मोती) विद गोल्ड, बड़े झुमके और त्योहार के लिए डबल चेन स्टाइल सेट खासतौर पर युवतियों को पसंद आएंगे।
इसके अलावा चांदी में एंटीक लुक खासतौर पर पसंद किया जाएगा। मानिक चौक में खरीदारी कर रहीं सीपरी बाजार की खुशबू, अनीता और नीलू ने कहा कि एंटीक ज्वैलरी काफी अच्छी है। यह काली भी नहीं पड़ेगी और इसके डिजाइनर लुक से इसे किसी भी तरह की ड्रेस के साथ पहना जा सकता है। दुकानदार बता रहे कि हॉलमार्क चांदी के जेवर मिलने से लोगों को काफी सहूलियत रहेगी। वापसी में इसकी पूरी वैल्यू भी मिल सकेगी।
हॉलमार्क चांदी में श्रीगणेश-लक्ष्मी मूर्तियां, दीपक और हटरी धनतेरस पर लुभाएंगी
सर्राफा बाजार में इस बार हॉलमार्क चांदी की हल्के वजन की श्रीगणेश-लक्ष्मी मूर्तियां, दीपक और हटरी धनतेरस के लिए खास हैं। वजन व साइज के अनुसार 1000 रुपये से मूर्तियां, हटरी, दीपमाला और सजावट के लिए हाथी, कलश, समई और ढेरों गिफ्ट आइटम हैं।
--
चांदी की फैशनेबुल एंटीक पायल, बिछुआ, बाजूबंद और सेफ्टीपिन महिलाओं के लिए खास
आजकल युवितयों को प्लेन चांदी की बजाय एंटीक ज्लैवरी बहुत पसंद आती है। इसे लेकर सर्राफा में इस बार ज्वैलर्स ने एंटीक लुक वाले चांदी के डिजाइनर आइटम बाजार में सजाए हैं। इनमें डिजाइनर चेन पायल से लेकर हैवी पायल, बिछुआ, बिछिया, ब्रेसलेट, बाजूबंद, हार सेट, चूड़ियां, डिजाइनर बालियां और झुमकी के अलावा चांदी की सेफ्टी पिन खासतौर पर युवतियों और महिलाओं को पसंद आएगी। यह आइटम वजन के अनुसार 500 रुपये से लेकर हजारों में हैं। इसके अलावा बच्चियों के लिए कान व गले का सेट 500 से 700 रुपये में है। इनका एंटीक लुक और लेटेस्ट डिजाइन इस बार खास हैं। चांदी की यह ज्वैलरी हॉलमार्क है। इसकी वापसी सौ फीसदी होगी।
बोले दुकानदार
त्योहार की खरीदारी शुरू हो चुकी है। नवरात्र से लेकर दीपावली और सहालग तक बाजार में प्रतिदिन तकरीबन दो से ढाई करोड़ की बिक्री की उम्मीद है। इस बार हॉलमार्क चांदी की हल्की डिजाइनर एंटीक ज्वैलरी और काली न पड़ने वाली मूर्तियां लोगों को पसंद आएंगी।
अंकुर अग्रवाल-ज्वैलर्स
इस बार त्योहार और सहालग में 12 से 25 ग्राम सोने में टर्की ज्वैलरी और 50 ग्राम में ब्राइडल सेट लोगों के लिए खास हैं। इसमें जड़ाऊ और डिजाइनर लुक दोनों तरह के आइटम हैं। अबकी हर वर्ग का व्यक्ति कम बजट में त्योहार की अच्छी खरीदारी कर सकता है। जगदीश मोदी-ज्वैलर्स
त्योहार की खरीदारी शुरू हो चुकी है। लोग बाजार में निकल रहे हैं। सहालग पास होने से बाजार अच्छा चल रहा है। त्योहार पास आते-आते बाजार और बढ़ेगा। लोग कम बजट में अच्छी खरीदारी करें, इसके लिए हल्के जेवरात बाजार में सज चुके हैं। आकाश अग्रवाल-ज्वैलर्स