झांसी। टहरौली में 50 बेड का अस्पताल इसी वित्तीय वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने तहसील के सामने जमीन चिह्नित करके शासन को भेज दी है। अब जल्द ही कार्यदायी संस्था नामित होने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि झांसी की टहरौली और ललितपुर की पाली प्रदेश की ऐसे तहसील हैं, जहां पर कोई सीएचसी नहीं है। समीक्षा के दौरान ये बात सामने आने पर अब टहरौली में भी अस्पताल शुरू करने की पहल की गई है। स्वास्थ्य विभाग को जमीन उपलब्ध कराने के लिए कहा गया था। तहसील के सामने 590 स्क्वॉयर फीट जमीन चिह्नित कर ली गई है। अब राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक जल्द ही कार्यदायी संस्थान नामित कर देंगे। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में ही अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
नई मशीनें आएंगी, डॉक्टर की होगी तैनाती
सीएमओ ने बताया कि यहां पर ब्लड समेत कई जांच करने के लिए मशीनें आएंगी। साथ ही स्त्री रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, पैथोलॉजिस्ट की भी तैनाती की जा सकती है। हालांकि, अभी पदों का सृजन नहीं हो पाया है।