झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा पिछले दिनों घोषित किए गए परीक्षा परिणाम पर बीकॉम के छात्रों ने प्रबंधतंत्र पर जबरन फेल करने का आरोप लगाया था। कई दिनों बाद भी जब कोई नतीजा नहीं निकला तो छात्र और तमाम छात्रनेताओं ने विश्वविद्यालय पहुंचकर परीक्षा नियंत्रक का घेराव कर खूब हंगामा किया।
शुक्रवार को प्र्रगतिशील मानव समाज पार्टी लोहिया वाहिनी, समाजवादी छात्रसभा, राष्ट्रीय छात्र संगठन के नेतृत्व में छात्र शुक्रवार को विश्वविद्यालय पहुंचे और उनके खिलाफ हंगामा कर प्रदर्शन किया। उन्होंने परीक्षा नियंत्रक को भी घेर लिया। प्रबंधतंत्र ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पांच अक्तूबर तक परीक्षा समिति की बैठक कर पास करने का आश्वासन दिया तब जाकर छात्र शांत हुए।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने कुछ दिनों पूर्व बीकॉम सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों का परिणाम घोषित किया था। इसमें कुछ छात्र फेल हो गए थे। इस पर छात्रों ने विरोध किया तो विश्वविद्यालय प्रबंध तंत्र ने मूल्यांकन में त्रुटि बताते हुए सुधारकर पुन : परीक्षाफल घोषित किया जिसमें पिछले रिजल्ट में उत्तीर्ण कई छात्र अनुत्तीर्ण घोषित कर दिए गए। इस जब विश्वविद्यालय प्रशासन ने रिजल्ट पर कोई सकारात्मक रुख नहीं दिखाया तो छात्र शुक्रवार को पुन: कुलपति ऑफिस के बाहर पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया। पांच अक्तूबर तक परिणाम घोषित नहीं होने पर उन्होंने अर्धनग्न प्रदर्शन की चेतावनी दी है।