झांसी। बिजौली में नगर निगम के प्रस्तावित अत्याधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र (वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट) की राह साफ हो गई। इसके लिए मंजूर 6.90 करोड़ रुपये की रकम नगर निगम के खाते मेें आ गई। इस प्लांट के निर्माण की जिम्मेदारी जल निगम की ईकाई सीएंडडीएस को सौंपी गई है। निगम अफसरों का कहना है कि जल्द ही इसका निर्माण भी आरंभ हो जाएगा।
नगर निगम के पास अभी कूड़ा को खत्म करने वाली कोई इकाई नहीं है। लिहाजा महानगर से रोजाना निकलने वाला करीब 200 मैट्रिक टन कूड़ा वह खुले में फेंक देता है। खुले में पड़ा यह कूड़ा वातावरण के साथ ही भूमिगत जल को भी नुकसान पहुंच रहा है। खुले में कूड़ा फेंकने से स्वच्छता सर्वेक्षण में भी निगम को अंकों से हाथ धोने पड़ते हैं। इसको देखते हुए बिजौली में वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की जमीन चिन्हित हुई थी। राज्य मिशन निगम से पहली किस्त के तौर पर 690.60 लाख रुपये मंजूर हुए। यह रकम अब नगर निगम को मिल गई। इससे जल्द प्लांट का निर्माण आंरभ होगा। इससे बिजौली, राजगढ़, पंचवटी, मसीहागंज जैसे तमाम इलाकों में फेंके जाने वाले कूड़े से यहां के लोगों को मुक्ति मिल सकेगी। अपर नगर आयुक्त शादाब असलम के मुताबिक इसके निर्माण के लिए सीएंडडीएस को कार्यदायी संस्था चुना गया है। जल्द ही निर्माण आरंभ कराया जाएगा।