झांसी। प्रधानमंत्री के आगमन में अभी एक सप्ताह से अधिक का समय शेष है, लेकिन किले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। तलाशी के बाद ही पर्यटकों को किले में प्रवेश दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवंबर को रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर झांसी आएंगे। यहां आकर वे सबसे पहले किले में जाएंगे। रानी जिस स्थान से अपने घोड़े पर सवार होकर नीचे कूदीं थीं, पीएम उस कुदान स्थल और झंडे वाला बुर्ज देखेंगे। इसके बाद किले के भीतर आमोद उद्यान में लाइट एंड साउंड शो देखेंगे। पीएम के दौरे के मद्देनजर किले में अभी से सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चप्पे-चप्पे की निगहबानी की जा रही है। इसके अलावा किले में आने वाले सभी पर्यटकों के सामान की तलाशी ली जाने लगी है। साथ ही उनका आधार कार्ड या अन्य कोई पहचान पत्र देखने के बाद ही भीतर प्रवेश दिया जा रहा है। मुख्य द्वार व किले के भीतर अन्य स्थानों पर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है।
किले में पर्यटकों की संख्या बढ़ी
झांसी। पिछले कुछ दिनों के दरम्यान किले में पर्यटकों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। इस माह के 10 दिनों में 9,303 पर्यटक किला देख चुके हैं। इनमें छह नवंबर को 1339, सात को 1769, आठ को 1150, नौ को 962 तथा 10 नवंबर को 1130 पर्यटक किला देखने पहुंचे। विदित हो कि पीएम के दौरे के मद्देनजर इन दिनों किले में बड़े पैमाने पर सौंदर्यीकरण का काम जारी है, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोग भी भारी संख्या में इन दिनों किले में पहुंच रहे हैं।