झांसी। अब पेट्रोल पंपों पर तेल का खेल नहीं हो पाएगा। पंपों पर ऐसी नई अमेरिकन मशीनें लगनी शुरू हो गई हैं, जिनमें आठ सील लगी हुई हैं। मशीन पर जरा सी छेड़छाड़ करने की कोशिश करने पर तुरंत कंपनी के पास मेसेज पहुंच जाएगा। इसके अलावा नोजल पर कैप भी लगाई गई है, जिसमें गाड़ी में पेट्रोल डालते समय उड़ेगा भी नहीं।
कई पेट्रोल पंपों पर मशीनों के साथ छेड़छाड़ कर देते हैं। ग्राहक को जितने लीटर पेट्रोल डलवाना होता है, वो मशीन की स्क्रीन पर तो सही दिखता है मगर गाड़ी में कम जाता है। मगर अब ग्राहकों के साथ कोई पंप ऐसा खेल नहीं कर पाएगा। क्योंकि अमेरिकन मशीनें पंपों पर लगनी शुरू हो गई हैं। झांसी में एक पंप पर ये मशीन लग गई है। बताया गया कि जितने रुपये का पेट्रोल एक बार मशीन में फीड कर दिया जाएगा तो उतना ही निकलेगा। फिर पर्ची भी निकालनी होगी, उसके बाद ही दूसरे ग्राहक को पेट्रोल मिल पाएगा। खास बात ये है कि वाहन पर पेट्रोल डालते कुछ मिलीलीटर तेल उड़ जाता है। अब नई मशीनों की नोजल में रबड़ का कैप भी लगाया गया है। टंकी में पेट्रोल डलते वक्त ये कैप नोजल को ढक देगा फिर तेल उड़ेगा नहीं। मशीनों में आठ प्रकार की सील लगी हुई है। किसी ने भी इसमें छेड़छाड़ करने का प्रयास किया तो तुरंत कंपनी के अधिकारियों को मालूम पड़ जाएगा।
वातावरण में मौजूद गैस टैंकर में चली जाती
पेट्रोल पंपों पर टैंकों में तेल स्टोर रहता है। जब टैंकों में पेट्रोल डालते हैं तो इससे निकलने वाली गैस वातावरण में फैल जाती है। फिर जरा सी चिंगारी से बड़ा हादसा हो सकता है। अब पेट्रोल पर ऐसी मशीन भी लगाई गई है, जो टैंक में तेल डालते समय निकलने वाली गैस को वापस टैंकर में भेज देगी।
पेट्रोल पंपों पर नई मशीनें लगने लगी हैं। इन मशीनों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करना संभव नहीं है। छेड़छाड़ करते ही तुरंत कंपनी के पास मेसेज पहुंच जाएगा। सभी जगह मशीनें लगने के बाद कोई भी व्यक्ति तेल में घटतौली नहीं कर पाएगा। - गुलाब सिंह, सहायक नियंत्रक, विधिक माप विज्ञान, झांसी मंडल।