झांसी। बेटे की शादी के कार्ड बांटने जा रहे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गईं। इससे पल भर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मऊरानीपुर के मुहल्ला शिवगंज निवासी ओमप्रकाश श्रीवास (52) पीडब्ल्यूडी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। उनके दो बेटे अंकित और नीलू हैं। बड़े बेटे अंकित की इसी 27 जून को शादी होनी है। इसे लेकर ओमप्रकाश बहुत खुश थे। वे शादी के कार्ड बांटने बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी बीच धमनाखुर्द - सेंधरी रोड पर एक चौपहिया वाहन उनकी बाइक में टक्कर मारते हुए तेज गति से भाग गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ओमप्रकाश उछलकर सड़क किनारे पानी से भरे नाले में गिर पड़े।
सूनसान सड़क पर दुर्घटना की किसी को जानकारी नहीं हुई। लोगों को पता तब चला जब शव पानी पर उतराने लगा। घटना स्थल पर शादी के कार्ड बिखरे हुए थे और बाइक भी पड़ी हुई थी। यह देख शादी के कार्ड पर लिखे फोन नंबरों के जरिये वहां से गुजर रहे लोगों ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। जानकारी होने पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस टक्कर मारने वाली गाड़ी की तलाश में जुटी हुई है। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं।