झांसी। कोयला संकट के बीच प्रदेश में बिजली की मांग कम होने के कारण पारीछा थर्मल पावर प्लांट में तीसरे दिन भी उत्पादन ठप रहा। हालांकि, बुधवार को तीन मालगाड़ी कोयला मिलने से स्टॉक बढ़कर 28 हजार टन हो गया है। इधर, ललितपुर स्थित संयंत्र में 660 मेगावाट की तीन इकाइयों में से दो से उत्पादन बराबर हो रहा है।
कोयला संकट के बीच प्रदेश में बारिश होने से सोमवार को बिजली की मांग घटकर 20 हजार मेगावाट से 11 हजार मेगावाट पर पहुंच गई थी। इस कारण पारीछा थर्मल पावर प्लांट की चारों इकाइयों को स्टेट लोड डिस्पेच सेंटर लखनऊ (एसएलडी) के आदेश पर बंद कर दिया गया। प्रदेश में जो बिजली की मांग थी उसे अनुबंध के तहत प्राइवेट कंपनियों से पूरा किया जाता रहा। बुधवार को भी प्लांट की चारों इकाइयों को बंद रखा गया। वहीं, बुधवार को तीन मालगाड़ी मिलने से स्टॉक में 28 हजार टन कोयला इकट्ठा हो गया है।
- स्टेट लोड डिस्पेच सेंटर लखनऊ के आदेश पर इकाइयों को बंद किया गया था। आदेश आने पर ही अब एक- एक कर इकाइयों को चालू किया जाएगा। बृहस्पतिवार को आदेश आने की उम्मीद है।
एमके सचान, मुख्य महाप्रबंधक (पारीछा थर्मल पावर प्लांट)।