झांसी। पंचायती राज विभाग की तरफ से प्रत्येक ग्राम पंचायतों के लिए पंचायत सहायक और डाटा एंट्री ऑपरेटर नियुक्त किए जाने हैं। इसके लिए आवेदन फार्म ग्राम प्रधान, विकास खंड कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय में जमा किया जा रहा है। कई गांव के अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है ग्राम प्रधान अपने चहेतों को नियुक्त कराने के लिए अन्य अभ्यर्थियों के फार्म नहीं ले रहे हैं।
जिले में 496 ग्राम पंचायतें हैं। इन सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक और डाटा एंट्री आपरेटर की नियुक्ति की जानी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि फार्म जमा करने के लिए तीन विकल्प ग्राम प्रधान, विकासखंड कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय दिए गए हैं। कई गांव के आवेदकों का कहना है कि ग्राम प्रधान अपने चहेतों को नियुक्त कराने के लिए दूसरे आवेदकों के फार्म नहीं ले रहे हैं। इससे आवेदन फार्म जमा करने के लिए उन्हें मजबूरी वश विकासखंड कार्यालय या फिर जिला पंचायत कार्यालय जाना पड़ रहा है। आवागमन करने में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से सभी फार्म जिला पंचायत कार्यालय में जमा कराने की मांग की है ताकि नियुक्तियों में पारदर्शिता लाई जा सके।