झांसी। बिजली विभाग प्रीपेड मीटर लगा रहा है। ऐसे व्यक्ति जिनका स्वयं का मकान नहीं है अथवा मकान पर मालिकाना हक नहीं है, वह लोग इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। प्रीपेड मीटर लगने से किराएदारों और मकान मालिक के बीच होने वाले विवाद घट जाएंगे।
बहुत से मकान ऐसे हैं, जिनमें वर्षों से किराएदार रह रहे हैं। मकान खाली नहीं होने पर मकान मालिक किराएदारों को बिजली देना बंद कर देते हैं। इससे विवाद की स्थिति बनती है। यही स्थिति सरकारी अधिकारियों के आवासों को लेकर रहती है। कई अधिकारी बिजली का बिल जमा नहीं करते हैं, जिससे आवास पर बकायादारी हो जाती है। जब कोई दूसरा अधिकारी आवास में रहने के लिए आता है तो बकाया जमा नहीं करता है। इससे बकायादारी बनी रहती है।
पिछले दिनों एक अधिकारी के सरकारी आवास में बिजली का मीटर नहीं लगा होने पर जांच हुई थी और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जबकि संबंधित अधिकारी का कहना था कि वह विभाग को आवेदन दे चुका है, लेकिन विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। बकायादारी अधिक होने पर कुछ सरकारी कार्यालयों की बिजली भी काट दी गई थी। इसको लेकर बीते दिनों एक बैठक में सहमति बन गई थी कि अब सरकारी आवासों पर प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे। इसी क्रम में प्रीपेड मीटर लगाने की शुरूआत हो चुकी है और लोक निर्माण विभाग के ऑफीसर्स हॉस्टल में प्रीपेड बिजली मीटर लगा दिया गया है।
इसके अलावा परिवारों के बंटवारे के बाद भी कनेक्शन को लेकर दिक्कत आती है। क्योंकि, कनेक्शन लेने के लिए रजिस्टर्ड बंटवारा की फोटो कॉपी लगानी अनिवार्य है, लेकिन कई लोगों के पास लिखित में बंटवारे की कोई कॉपी नहीं होती है। यही नही, दुकानदारों के पास भी मकान से संबंधित कागजात नहीं होते हैं। इससे उन्हें भी बिजली का कनेक्शन लेने में दिक्कत आती है। अब अस्थाई दुकानदारों, किराएदारों अथवा पारिवारिक बंटवारे वाले मकान स्वामियों को प्रीपेड बिजली मीटर लगवाने की सुविधा दी जाएगी। एक किलोवाट के कनेक्शन पर प्रीपेड मीटर पर 7566 रुपये फीस है।
इस तरह लें कनेक्शन
प्रीपेड बिजली मीटर लगवाने के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति और आवेदक की फोटो लगाना अनिवार्य है। 7566 रुपये जमा करना अनिवार्य है। जैसे ही पैसा जमा होगा, आईडी जनरेट हो जाएगी।
यहां होंगे रीचार्ज
प्रीपेड बिजली मीटर रीचार्ज कराने के लिए मुन्ना लाल पावरहाउस और सीपरी बाजार बिजली घर में मीटरों को रीचार्ज कराने के लिए काउंटर बनाए गए है।यहां पर उपभोक्ता अपनी आईडी बताकर मीटर रीचार्ज करा सकते हैं।
बिजली विभाग में प्रीपेड मीटर की सुविधा है। जिन व्यक्तियों का मकान पर मालिकाना हक नहीं है और वह बिजली का कनेक्शन लेना चाहते हैं तो प्रीपेड बिजली मीटर लगवा सकते हैं।
- डी यादवेंदु, अधिशासी अभियंता