झांसी। जिला अस्पताल में बायो केमिकल एनालाइजर मशीन खराब हो गई है। इस कारण लिवर, किडनी, शुगर आदि की जांच नहीं हो सकी। कई मरीज बिना जांच कराए ही अस्पताल से लौट गए। हालांकि, कंपनी के कर्मचारी ने दोपहर में मशीन सुधार ली। इसके बाद जांचें शुरू हो पाईं।
जिला अस्पताल में बायो केमिकल एनालाइजर मशीन से लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), किडनी फंक्शन टेस्ट (केएफटी), लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर की जांच होती है। रोजाना 80 से 100 के बीच मरीज इस मशीन से जांच करवाते हैं। मगर ये मशीन खराब हो जाने के कारण मंगलवार को दोपहर तक मरीजों को बिना जांच कराए लौटना पड़ा। वहीं, जिन मरीजों को ऑपरेशन या फिर ज्यादा समस्या होने पर तुरंत जांच रिपोर्ट की जरुरत थी, उन्होंने निजी पैथोलॉजी केंद्रों से जांच कराई। हालांकि, दोपहर एक बजे के बाद कंपनी के कर्मचारी ने मशीन को ठीक कर लिया और फिर 22 जांचें भी हुईं। वहीं, सीएमएस डॉ. अतुल गुप्ता का कहना है कि मशीन में कुछ न कुछ समस्या बनी हुई थी, जिसे अब पूरी तरह सुधार लिया गया है।