झांसी। गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में होने वाली परेड में इस बार केवल महिला पुलिस कर्मचारी ही नजर आएंगी। पुलिस के मिशन शक्ति अभियान को बढ़ावा देने के लिए इस बार अनूठा आयोजन होगा।
गणतंत्र दिवस के मौके पर हर बार पुलिस लाइन में परेड का आयोजन किया जाता है, जिसमें समान रूप से महिला व पुरुष पुलिस कर्मी हिस्सा लेते हैं। लेकिन, इस बार परेड के दौरान अनूठा नजारा देखने को मिलेगा। महिला पुलिस की आठ टुकड़ी (192 जवान) ही परेड करती नजर आएंगी। एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस के मिशन शक्ति अभियान को बढ़ावा देने के लिए इस बार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा इस आयोजन की प्रेरणा दी गई है। नारी शक्ति को बढ़ावा देने के लिए परेड में महिला पुलिस कर्मचारियों को ही शामिल किया गया है।
कोरोना व आचार संहिता का भी है ख्याल
झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमण के बढ़ते प्रभाव की वजह से शिक्षण संस्थान बंद चल रहे हैं। ऐसे में स्कूली बच्चे परेड में शामिल नहीं हो पाएंगे। 15 वर्ष से अधिक आयु के किशोर व अन्य लोग परेड देखने आ सकेंगे। लेकिन, उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क जैसे उपायों का पालन करना होगा। वहीं, विधानसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होने की वजह से इस बार परेड में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण नहीं दिया जाएगा। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त अजय शंकर पांडेय होंगे। वे सुबह 9.30 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।