झांसी। रानीलक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के आसपास पार्किंग व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, एसएसपी शिवहरि मीना, नगर आयुक्त अवनीश राय समेत अन्य अधिकारियों ने वहां का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के आसपास सुंदरीकरण कराए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सर्विस रोड के डिवाइडर को तोड़कर रेलिंग लगाने का निर्देश दिया। कहा, मेडिकल कॉलेज तिराहा महानगर का प्रवेशद्वार है। लखनऊ-कानपुर से आने वाले लोग इसी के रास्ते प्रवेश करते हैं लेकिन, मेडिकल कॉलेज के आसपास दुपहिया, चार पहिया एवं टैक्सियों के खड़े होने से रास्ता बंद रहता है। अब मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर एक के पास अंदर धर्मशाला तक दुपहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग होगी। गेट नंबर तीन से कानपुर बाईपास तक एंबुलेंस खड़ी की जा सकेेंगी। पार्किंग स्थल पर साइन बोर्ड के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर एक से तीन तक पार्किग का भी निरीक्षण किया। इसके बाद झोकनबाग स्थित दुकानों आदि का भी निरीक्षण किया। यहां स्थित दुकानों की लाइन लिस्टिंग करते हुए उनको टोकन जारी किए जाएंगे। उन्होंने कमांड सेंटर के जरिए यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने की बात कही। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, अधिशासी अभियंता एमके सिंह, प्रगति शर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।