झांसी। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने क्षेत्र के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक अपने भ्रष्टाचार पर परदा डालने के लिए उन पर फर्जी आरोप लगा रहे हैं। जांच एजेंसी का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है, जिससे वे बौखलाए हुए हैं।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए जवाहर लाल ने कहा कि दीपनारायण सिंह यादव ने अपने दस साल के कार्यकाल में जमकर अवैध खनन किया। अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर पौने चार सौ एकड़ के बालू के पट्टे चलाए। मनमाने ढंग से खनन कर अरबों की संपत्ति अर्जित की। इसका उदाहरण उनकी रियल एस्टेट संपत्तियां हैं। यही वजह है कि पिछले चुनाव में जनता ने उन्हें नकार दिया था। बौखलाहट में दीपनारायण सिंह उन पर फर्जी आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान जवाहर ने दावा किया कि उनके साढ़े चार साल के कार्यकाल में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। सड़क, पानी, बिजली सभी बुनियादी सुविधाओं पर काम हुआ है। जबकि, पूर्व विधायक ने मोंठ के तालाब पर कब्जा करने का काम किया था, जिसे उन्होंने मुक्त कराया। अब उन्हें कुछ नहीं मिला तो वे तालाब की मिट्टी बेचने का मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।
विदित हो कि मंगलवार को पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव ने जवाहर लाल राजपूत पर अवैध खनन में संलिप्तता समेत तमाम आरोप लगाए थे।