झांसी। महाराष्ट्र विधान परिषद की उप सभापति डा. नीलम गोरहे ने कहा कि महाराष्ट्र से भारी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचते हैं। उनकी सहूलियत के लिए महाराष्ट्र सरकार अयोध्या में महाराष्ट्र भवन का निर्माण कराएगी। शुक्रवार को वे झांसी आईं थीं। इस दौरान उन्होंने किले में रानी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
महाराष्ट्र समाज के गणेश मंदिर पहुंची डा. नीलम गोहरे ने अमर उजाला से हुई बातचीत में कहा कि रानी और उनके पूर्वजों की वजह से झांसी और महाराष्ट्र का पुराना और गहरा नाता है। झांसी के ऐतिहासिक गणेश मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए वे व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करेंगी। अपने झांसी दौरे के दौरान वे किले में गईं और राजकीय संग्रहालय का भी भ्रमण किया। साथ ही महाराष्ट्रीय गणेश मंदिर कमेटी के सदस्यों व झांसी के प्रथम सांसद आचार्य रघुनाथ विनायक धुलेकर के परिजनों से भेंट की।