झांसी। सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना के खिलाफ बृहस्पतिवार को ग्वालियर से बिरला नगर रेलवे स्टेशन तक बवाल रहा। युवकों की भीड़ ने ग्वालियर में कई जगह बवाल काटा। रेलवे स्टेशन के पास की कई दुकानों में आग लगा दी। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो पथराव कर दिया। पहले पुलिस ने लाठियां फटकारकर युवकों को दौड़ाने की कोशिश की लेकिन जब नियंत्रित नहीं हुए पुलिस ने उपद्रवियों को काबू करने के लिए आंसू गैस छोड़ी। इसी बीच कुछ युवकों की भीड़ ग्वालियर के बिरला नगर स्टेशन पर पहुंच गई और यहां तोड़फोड़ कर दी। ट्रैक पर जलते टायर फेंके गए। यहां से दौड़ाए गए उपद्रवियों ने बिरला नगर स्टेशन से आगे इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव कर दिया।
दोपहर करीब बारह बजे सेना की भर्ती की तैयारी करने वाले युवक बड़ी संख्या में ग्वालियर के गोला का मंदिर के पास जुट गए। एकत्रित छात्रों ने अग्निपथ योजना के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। यहां सड़क को जाम कर दिया। कुछ स्थानीय लोगों ने रोकने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं उपद्रवियों ने स्टेशन के पास की छह दुकानों को आग के हवाले कर दिया। बवाल की सूचना से इलाके में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में पूरा बाजार बंद हो गया। आगजनी और पथराव की सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल यहां बुला लिया गया। पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बाद में पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर उपद्रवियों को काबू करने की कोशिश की। इसमें चार पुलिस कर्मियों समेत एक दर्जन से भी ज्यादा लोगों के चोटिल होने की खबर है। जब यहां भारी पुलिस फोर्स पहुंच गया तब उपद्रवियों का एक जत्था बिलरा नगर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया। यहां भी तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। स्टेशन मास्टर के कक्ष में घुसकर भी तोड़फोड़ की गई। कुर्सियां, बेंच और वाटर कूलर तोड़ दिए गए। पुलिस ने यहां से उपद्रवियों को खदेड़ा तो थोड़ा आगे जाकर इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव कर दिया। कई कोच के शीशे टूट गए। पुलिस का कहना है वीडियो फुटेज के आधार पर शिनाख्त कराई जा रही है। गिरफ्तारी के लिए टीम भी लगाई गई है। हंगामे को देखते हुए ग्वालियर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीमावर्ती इलाकों में भी चेकिंग कराई जा रही है।