हल्की बारिश, बदली से गर्मी से मिली राहत
झांसी। हल्की बारिश और बदली छाई रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिनभर में छह मिलीमीटर बरसात हुई। अधिकतम तापमान लुढ़ककर 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने आगे भी बारिश के आसार बताए हैं।
जून में मानसून दस्तक के बाद से रूठे बदरा रविवार को झमाझम बरसे। सोमवार को भी अच्छी बारिश की उम्मीद थी मगर धूप खिल गई। दोपहर में आसमान में फिर से बादल घिर गए। शाम तक रुक-रुककर बूंदाबांदी और हल्की बारिश होती रही। हालांकि, वातावरण ठंडा हो जाने से लोगों को गर्मी से निजात मिली। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मुकेश चंद्र का कहना है कि इस सप्ताह बारिश की संभावना है। कभी हल्का तो कभी तेज पानी गिर सकता है। आसमान में भी बादल छाए रहेंगे। इससे लोगों को तपिश भरी धूप, गर्मी से राहत मिलेगी।