झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
- फोटो : पीटीआई
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों से कोरोना को लेकर खास सावधानी बरतने को कहा है। सीएम सोरेन ने कहा कि कोविड की विभीषिका में हम स्वयं डॉक्टर हैं और हम ही मरीज भी हैं। ऐसे में यदि जनता कोविड से बचाव की तय मानक प्रक्रियाओं का पालन करे तो आगे किसी भी और लहर से बचा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को राज्य के प्रमुख संपादकों और पत्रकारों के साथ अपने आवास पर मुलाकात में यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से उपजे हालात के कारण हमारी आपस में मुलाकात नहीं हो पा रही थी। अब हम सभी के सम्मिलित प्रयासों से परिस्थितियां सामान्य होने लगी हैं तो मीडिया और सरकार के बीच ब्रिज बनाने के लिए इस तरह की मुलाकातें सार्थक सिद्ध होंगी।
सीएम ने कहा कि कोरोना में टीकाकरण और कोविड की तय मानक प्रक्रियाओं का पालन ही बचाव का सबसे महत्वपूर्ण उपाय है। ये दोनों चीजें करना खुद जनता के हाथ में है। इसीलिए हमारा मानना है कि कोविड महामारी के मामले में हम खुद डॉक्टर हैं और मरीज भी हम ही हैं।