पीड़िता की बेटी ने इस मामले में पुलिस को ऑनलाइन शिकायत दी लेकिन पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया। इस पर पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया तो पुलिस हरकत में आई।
झांसी में थाना नवाबाद के पिछोर इलाके में संपत्ति विवाद को लेकर महिलाओं के दो गुटों में विवाद हो गया। एक पक्ष की महिला का आरोप है कि दूसरे पक्ष की 4 महिलाओं ने उसे पीटा और निर्वस्त्र कर दिया। इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
विज्ञापन
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 19 नवंबर 2020 को वह छत पर सो रही थी। उसी दौरान दूसरे पक्ष से टीना, मंजू, अंजना और फूलवती ने उसे पकड़ लिया। चारों ने मिलकर उसके कपड़े फाड़ दिए। टीना ने वीडियो बनाया। इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बेटी की शिकायत पर भी नहीं दर्ज किया केस
पीड़िता की बेटी ने ऑनलाइन माध्यम से शिकायत की लेकिन, पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय ने 156/ 3 के तहत नवाबाद थाने को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
रविवार देर रात पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर नवाबाद सुधाकर मिश्रा के मुताबिक आईपीसी की धारा 323, 504 समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करके मामले की छानबीन की जा रही है।