झांसी। शियरवुड कॉलेज में हुई सेमिनार में अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लंबी कूद में रजत पदक जीतने वाली शैली सिंह ने छात्र-छात्राओं को सफलता के मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि लगातार अपने तय लक्ष्य की तरफ लगन के साथ बढ़ेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी।
एथलीट ने कहा कि लक्ष्य को पाने में कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने जीवन के अनुभव साझा करते हुए असंभव को संभव में बदलने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित भी किया। कहा कि उनके सफर में भी कई परेशानियां आईं। मगर जो ठान लिया, उसको पूरा करके ही मानी। इससे पहले कॉलेज प्रधानाचार्य प्रीति खत्री ने एथलीट को इकोफ्रेंडली प्लांट देकर सेमिनार का शुभारंभ किया। प्रिंसिपल ने विद्यार्थियों को परीक्षा में सफल होने के गुर बताए। उन्होंने कहा कि समय सारिणी बनाकर, समय के सदुपयोग, रोज 90 मिनट सैंपल पेपर हल करके परीक्षा में सफलता पाई जा सकती है। पढ़ाई के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को खानपान, शांत वातावरण भी जरूरी है। उन्होंने बोर्ड परीक्षा के पहले सत्र के पूरा कोर्स पढ़ने की प्रक्रिया समझाई। शिक्षिका जया लहरी, शालिनी दत्त, अस्मिता, कविता, दिनाज साजिया, अरुणा शृंगीऋषि, दीपाली, शिक्षक आनंद कपूर, लेखराज, मनोज, संजय, उमाकांत, हिमांशु ने भी विद्यार्थियों को मंत्र दिए। विद्यार्थियों को स्वमूल्यांकन, अध्ययन प्रकरण, विषय आधारित पढ़ाई की प्रक्रिया बताई। इस दौरान शिक्षक प्रवीण, नीरज, गौरव, जूही निगम मौजूद रहीं।
होनहार छात्रों को किया पुरस्कृत
कॉलेज में प्रतिभाशाली, होनहार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शानदार प्रदर्शन करने और सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं को उनके माता-पिता के साथ प्रमाणपत्र देकर सम्मानित व पुरस्कृत किया गया। प्रबंधक परवेज मुख्तार ने आभार जताया।