झांसी। टंकोरी गांव में अपना वोट किसको दिया यह बात न बताने पर कुछ लोगों ने एक ग्रामीण को लाठियों से पीटकर अधमरा कर दिया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना बड़ागांव के टंकोरी गांव की निवासी उर्मिला अहिरवार के अनुसार उसके पति भगवत अहिरवार (42) खेती-बाड़ी करते थे। छह मार्च को वह अपने पति के साथ गांव से निकल रही थी तभी गांव के अवधेश ने अपने साथियों के साथ आकर उसको रोक लिया। अवधेश ने भगवत से पूछा कि उसने किस पार्टी को वोट दिया है, लेकिन भगवत ने यह बताने से इंकार कर दिया तो अवधेश भड़क गया और गालियां देने लगा। भगवत ने उसे गालियां देने से मना किया तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी।
उर्मिला का आरोप है कि उसने किसी तरह बीच-बचाव किया। पिटाई में भगवत को गले एवं सीने में गंभीर चोट आई थी। उसने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। यह बात अवधेश को मालूम चली तो वह 9 मार्च को फिर से उसके घर आ धमका और उसने दोबारा पति को मारा-पीटा। इससे भगवत की हालत गंभीर हो गई।
परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे इमरजेंसी में भर्ती कर लिया। यहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। सीओ सदर राजेश राय का कहना है कि चुनावी रंजिश के चलते मारपीट की बात मालूम नहीं चली है। भगवत टीबी का मरीज था। परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।