झांसी। एक महीने से ग्राम हस्तिनापुर का ट्रांसफार्मर खराब है। इस कारण करारी स्थित मान्यवर कांशीराम आवासीय कॉलोनी में ट्यूबवेल नंबर चार से पानी की सप्लाई ठप है। कॉलोनीवासी पानी के लिए परेशान हैं।
मान्यवर कांशीराम कॉलोनी करारी में 1900 आवास हैं। यहां पर पानी की आपूर्ति के लिए पांच अलग - अलग ट्यूबवेल संचालित हैं। इसमें से ट्यूबवेल नंबर चार एक महीने से बंद चल रहा है। इसकी वजह ट्यूबवेल को जिस ट्रांसफार्मर से बिजली की सप्लाई होती है, वह खराब चल रहा है। एक महीने से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण कॉलोनी के जो लोग इस ट्यूबवेल पर निर्भर हैं, उन्हें पानी की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरन यहां तीसरी मंजिल पर रहने वाले लोगों को नीचे उतरकर हैंडपंप से पानी भरना पड़ रहा है। कॉलोनी वासी पानी नहीं आने की शिकायत करते हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है।
इस संबंध में जल संस्थान के सहायक अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि बिजली विभाग को कई बार जानकारी दे चुके हैं, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। इस कारण पानी की सप्लाई ठप है।
उधर, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता (ग्रामीण) शैलेंद्र कटियार ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी मिली है। उसे जल्द सही करा दिया जाएगा।