झांसी। जिले में हर आपात स्थिति व खतरे से निपटने के लिए जिले में स्वाट टीम यानी स्पेशल वेपंस एंड टेक्निकल टीम का गठन किया गया है। यह टीम दो मिनट के भीतर तैयार होकर हर हालात से निपटने के लिए मौके पर पहुंचेगी। इसके लिए जिले के तेज तर्रार 19 पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है। टीम के पास नाइट विजन के साथ कई आधुनिक असलहे भी मौजूद रहेंगे।
आईजी सुभाष सिंह बघेल और एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि ट्रेनिंग के बाद स्वाट टीम तैयार की गई है। जिले में किसी भी हाई रिस्क ऑपरेशन के लिए चौबीस घंटे टीम तैयार होंगी। बाहर से मदद पहुंचने तक ये हालात को संभालने में सक्षम होंगी। आतंकी घटनाओं से निपटने में भी खासी मदद मिलेगी। इस टीम को 9 एमएम, पिस्टल, एके 47, इंसास जैसे अत्याधुनिक असलहों से लैस किया गया है। जीपीएस सिस्टम वाले ड्रोन कैमरे, कम्युनिकेशन के लिए वॉकी-टॉकी व अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। इस टीम की कमान मऊरानीपुर सीओ महेश चंद्र सोनकर के पास रहेगी। वह साढ़े तीन साल एटीएस में तैनात रह चुके हैं।
यह गुर भी सीखेंगे
स्वाट को बेसिक पुलिस, स्पेशल पुलिस, फायर आर्म्स प्रेक्टिस और फिजिकल ट्रेनिंग के साथ-साथ छापा मारने के तरीके, रूम एंट्री, तलाशी के तरीके, गिरफ्तारी व हथकड़ी लगाने के तौर तरीके सिखाए जाएंगे। टीम को जंगल की ट्रेनिंग भी अलग से दी जाएगी।
20 मिनट में दौड़ सकते हैं पांच किलोमीटर
इस टीम में 35 से कम उम्र के तेजतर्रार पुलिस कर्मियों को शामिल कर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शुरूआत प्रशिक्षण के दौरान टीम के सदस्य बीस मिनट में पांच किलोमीटर दौड़ सकते हैं। शारीरिक दक्षता में पास होने के बाद ही सभी का चयन किया गया है।
- स्पेशल विंग खास ऑपरेशन के लिए हर समय तैयार रहेगी। जिले में स्थिति या उपद्रव से निपटने के लिए इनको तैयार किया जा रहा है, ताकि शहर के लोग सुरक्षित महसूस करें। सुभाष सिंह बघेल, आईजी