ललितपुर। थाना महरौनी के अंतर्गत ग्राम बम्हौरी बहादुर सिंह में खेत पर काम कर रहे एक किसान की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। महरौनी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम बम्हौरी बहादुर सिंह निवासी प्यारेलाल (55) पुत्र हरियां अहिरवार शुक्रवार की देर शाम को खाना खाने के बाद अपने बड़े पुत्र राम सहाय के साथ खेत पर फसल में सिंचाई के लिए गया था।
रात में करीब दस बजे खेत पर सिंचाई के दौरान प्यारेलाल के सीने में दर्द होने लगा, जिस पर पुत्र उसे पहले घर ले गया, जहां उसका दर्द और अधिक बढ़ गया, जिस पर परिजन उसे महरौनी स्थित सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र रामसहाय ने बताया कि उसके पिता के नाम चार एकड़ जमीन है। शुक्रवार की रात को गेहूं की फसल में सिंचाई करने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद महरौनी ले गए थे। मृतक के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं और मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।